मिट्टी के तेल की कालाबाजारी का इनामिया आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा
किरोसिन आयल की कालाबाजारी कर बाजार में महंगे दामों पर बेचने वाले दस हजार के इनामी अपराधी को पुलिस ने शुक्रवार को नंदौर बाजार से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपित नीरज गुप्ता बस्ती जिले के पांडेय बाजार का रहने वाला है। उसका अवैध कारोबार गैर जिलों तक फैला था। मेंहदावल थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय की अगुवाई में गठित टीम ने गिरफ्तारी की।
पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि नीरज के अवैध कारोबार के तार गैर जिलों तक फैले हुए थे। तेल डिपो के कर्मचारियों की मिली भगत से किरोसिन आयल सीधे उठवा लेता था। जिले में एक नहीं बल्कि तीन-तीन घटनाओं में उसकी संलिप्तता पाई गई है। एसपी ने बताया कि वर्ष 2016 में मेंहदावल में सात हजार चार सौ लीटर मिट्टी का तेल पकड़ा गया था। यह तेल महराजगंज जिले से मंगाया गया था। बाया मेंहदावल होते हुए पुरानी बस्ती तक जाना था। उस समय पुलिस के गिरफ्त में आए वाहन चालक ने बताया कि पुरानी बस्ती में नीरज गुप्ता के पास माल ले जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ मेंहदावल थाने में मुकदमा पंजीकृत है। दो वर्ष पूर्व खलीलाबाद के इंडस्ट्रियल एरिया में आरकेबीके फर्म से तीन हजार चार सौ लीटर किरोसिन आयल पकड़ा गया था। यह भी तेल नीरज ने ही मंगवाया था। इस मामले में एसटीएफ और जिले की पुलिस ने नीरज को गिरफ्तार का जेल भेज दिया था। कार्रवाई के दौरान आरकेबीके कर्मचारी तारबाबू को भी जेल की हवा खानी पड़ी थी। 27 अगस्त 2019 को मेंहदावल क्षेत्र में दो हजार 420 लीटर केरोसिन आयल फिर पकड़ा गया था।
इस घटना में भी नीरज की संलिप्तता थी। एसपी ने नीरज की गिरफ्तारी के लिए दस हजार का इनाम घोषित किया था। एसपी ने मेंहदावल थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय को टीम गठित कर गिरफ्तारी का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष की अगुवाई में उप निरीक्षक रवीन्द्र प्रताप, सिपाही हिमांशु मिश्र, संजीव यादव, बृजेश यादव और मृत्युंजय यादव ने गिरफ्तार किया है।